
@ सुल्तानगंज में छह लोगों की डूबने से मौत, कजरैली में दो मासूम बच्चों के शव मिले, पर्व की तैयारी कर रहे परिवारों में मचा कोहराम।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। करमा-धरमा पर्व की तैयारियों के बीच भागलपुर में सोमवार का दिन आठ परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गया। कहीं पूजा के लिए तालाब में उतरे छह लोगों की डूबने से मौत हो गयी तो कहीं पूजा के लिए नहाने और फूल चुनने निकलीं दो मासूम बच्चियों की तलाश तालाब में शव मिलने के साथ खत्म हुई। दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जिन घरों में पर्व के गीत गूंजने थे, वहां चीख-पुकार और मातम पसरा है।

इधर, सुल्तानगंज प्रखंड के उधाडीह गांव में भी करमा-धरमा की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा हुआ। पूजा के लिए तालाब में स्नान और फूल तोड़ने के दौरान छह लोगों की डूबने से मौत हो गयी।
मृतकों की पहचान ज्योति कुमारी, अमित कुमार, आयुष कुमार, राहुल कुमार, पूजा कुमारी और विकास कुमार के रूप में हुई है। अमित, आयुष, राहुल, पूजा और विकास सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र के विष्णु टोला, वार्ड संख्या-27 के निवासी बताए गये हैं। सभी की उम्र 12 से 14 वर्ष बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि छह लोगों की जान नहीं बचायी जा सकी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कजरैली थाना क्षेत्र के गौराचौकी हरिजन टोला में रविवार दोपहर करमा-धरमा पूजा के लिए नहाने और फूल चुनने निकलीं दो नाबालिग बच्चियां देर शाम तक घर नहीं लौटीं। परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उनकी तलाश की। सोमवार सुबह तालाब में दोनों के शव मिलने की सूचना से इलाके में कोहराम मच गया।
मृत बच्चियों की पहचान मुन्ना दास की 12 वर्षीय बेटी रुपाली कुमारी और मुकेश दास की 10 वर्षीय बेटी सरिता के रूप में हुई है। दोनों गांव के स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्राएं थीं। रुपाली चार बहनों और एक भाई में थी। उसके पिता राजमिस्त्री हैं। वहीं सरिता सात भाई-बहनों में थी और उसके पिता हलवाई का काम करते हैं। शव घर पहुंचते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गयी।
परिजनों ने बच्चियों के मुंह से खून आने और शरीर पर हल्के चोट के निशान होने की बात कही है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना पर कजरैली पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में घटनास्थल बायपास थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रशासन द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना के कारणों एवं अन्य तथ्यों की भी आवश्यक जांच की जा रही है। जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है तथा नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
एक ही पर्व की तैयारियों के बीच सामने आयीं इन दो घटनाओं ने भागलपुर के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। कहीं बेटियों के लौटने का इंतजार मौत की खबर में बदल गया, तो कहीं पूजा के लिए निकले लोग घर वापस नहीं लौट सके।














