0
(0)



यात्रियों की सुविधाओं को लेकर सौंपा गया नौ सूत्री मांग पत्र

नवगछिया : कटिहार–बरौनी रेलखंड स्थित कटरिया रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन की व्यवस्था, यात्री सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस अवसर पर रेलवे सलाहकार समिति के सदस्यों ने यात्रियों की समस्याओं को लेकर नौ सूत्री मांग पत्र भी सौंपा।


निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, मशीनों के रखरखाव तथा यात्रियों की सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक सहित रेल कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मांगों पर शीघ्र कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया।

रेलवे सलाहकार समिति के सदस्यों ने स्टेशन पर अतिरिक्त यात्री शेड निर्माण, प्रतीक्षालय, शुद्ध पेयजल, शौचालय सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य स्टेशनों से कटरिया स्टेशन के लिए एक्सप्रेस ट्रेनों का टिकट उपलब्ध कराने सहित कई मांगें रखीं।


भाजपा युवा मोर्चा के रंगरा पूर्वी मंडल अध्यक्ष अनुराग आर्य ने मंडल रेल प्रबंधक को बताया कि कटरिया स्टेशन के दोनों ओर कई सरकारी और गैर सरकारी विद्यालय स्थित हैं। विद्यालय आने-जाने वाले छात्रों को फुट ओवर ब्रिज नहीं होने के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्टेशन पर शीघ्र पैदल पुल निर्माण कराने की मांग की।

इसके अलावा स्टेशन परिसर में बंद और खराब पड़े लाइटों को बदलने तथा कटिहार–पटना इंटरसिटी और सियालदह हाटेबजारे एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का कटरिया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।

सधुआ चापर पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि ब्रजकिशोर कुमार एवं गौरव सिंह ने भी ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि बंद पड़े 9सी फाटक के कारण किसानों को ढाला पार करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने फसल कटाई के समय आवागमन सुविधा के लिए 9सी फाटक से मदरौनी ढाला तक सड़क निर्माण कराने की मांग की।


वहीं समिति सदस्य हिमांशु झा ने प्लेटफॉर्म ऊंचा करने और पैदल पुल निर्माण पर विशेष ध्यान देने की मांग की।

निरीक्षण के दौरान रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य गौरव सिंह, अजय पासवान, हिमांशु झा, सरपंच प्रतिनिधि ब्रजकिशोर कुमार, भाजपा नेता अनुराग आर्य, स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: