


कटिहार में नेशनल हाईवे पर खतरनाक बाइक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार बाइक पर खतरनाक करतब करता नजर आ रहा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि बाइक पर छोटे बच्चे भी बैठे दिखाई दे रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो पूर्णिया-कटिहार दलन चौक के पास का है। वीडियो में युवक बाइक को हवा में उछालने जैसे स्टंट कर रहा है और इस दौरान रील के बैकग्राउंड में अश्लील गाना भी बज रहा है। यह बिहार सरकार और पुलिस विभाग द्वारा अश्लील गानों पर रोक लगाने के दावों पर भी सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी न सिर्फ यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों और बच्चों की जान को भी खतरे में डालती है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे स्टंटबाजों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने कटिहार पुलिस से वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर बाइक नंबर और लोकेशन की जांच कर संबंधित युवक पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।














