


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक में रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम ने गंगा-जमुनी तहज़ीब की सुंदर मिसाल पेश की, जिसमें सभी समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ नवगछिया मुख्यालय के डीएसपी मनोज कुमार सुमन, भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल, खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार, राजद नेता दल्लू यादव, जदयू नेता प्रशांत कुमार कन्हैया, रवि रंजन, सुमित सिंह एवं कवि रंजन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
शोभायात्रा पूरे खरीक क्षेत्र का भ्रमण करते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु भगवान श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस दौरान स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ महाराष्ट्र से आए कलाकारों ने भी आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी। झांकियों में भगवान श्रीराम, बजरंगबली एवं भारतीय संस्कृति की झलक ने लोगों का मन मोह लिया।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच निकली यह शोभायात्रा क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसे लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।













