
देवोत्थान एकादशी और बाबा के जन्मोत्सव पर मारवाड़ी विवाह भवन में मना श्याम उत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
नवगछिया। श्री श्याम भक्त मंडल न्यास, नवगछिया की ओर से देवोत्थान एकादशी एवं बाबा श्याम के जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर श्री खाटू श्याम मंदिर के निर्माण के लिए मारवाड़ी विवाह भवन के पिछले हिस्से में भूमि पूजन किया गया। इसके बाद श्री गोपाल गौशाला से बाबा श्याम की भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा गोपाल गौशाला से निकलकर मुख्य मार्ग होते हुए हड़िया पट्टी, महाराज जी चौक और गरीब दास ठाकुरबाड़ी रोड के रास्ते मारवाड़ी विवाह भवन पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के चरणों में अपना निशान अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सुबह से ही मारवाड़ी विवाह भवन में बाबा की ज्योत प्रज्वलित की गई। श्रद्धालुओं ने ज्योत लेकर भव्य श्याम उत्सव मनाया। रात्रि में केक काटकर बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं के बीच टॉफी, खिलौने और मिठाइयां वितरित की गईं। इस खुशी के अवसर पर भवन के सामने आतिशबाजी भी की गई।
उत्सव के दौरान ‘नाचो गाओ खुशी मनाओ, आया जन्मदिन मेरे श्याम धनी का’ और ‘मेरी गाड़ी, मेरा बंगला सब तेरे हवाले बाबा श्याम’ सहित विभिन्न भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
भूमि पूजन का कार्य श्री श्याम भक्त मंडल न्यास के संरक्षक पवन सर्राफ, अजय रुंगटा, राम प्रकाश रुंगटा, दयाराम चौधरी और अशोक केजरीवाल ने किया। इस अवसर पर न्यास के अध्यक्ष सुभाष चंद वर्मा, सचिव मनोज चौधरी, कोषाध्यक्ष प्रदीप डोकानिया और मीडिया प्रभारी अशोक केडिया सहित मंडल के सभी सदस्य एवं महिला सदस्य उपस्थित रहीं। नगर के गणमान्य लोग भी आयोजन में शामिल हुए।
आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय मारवाड़ी युवा मंच, सांवरिया सरकार, श्याम दीवाने, मारवाड़ी सम्मेलन, बाबा का हुक्म सहित कई संस्थाओं ने सहयोग किया।














