
नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक और पांच वर्षीय बच्ची घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।
पहली घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के जीरोमाइल के पास हुई, जहां सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान चौसा थाना क्षेत्र के अजरपुर निवासी सुमन कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें पूर्णिया रेफर कर दिया गया।

वहीं, दूसरी घटना में सड़क दुर्घटना के दौरान गोसाईंगांव निवासी फंटूश कुमार की पांच वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी घायल हो गई। घटना के बाद परिजन बच्ची को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।















