


भागलपुर । भागलपुर जिले के बाखरपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोनू टोला गांव से लगभग 500 मीटर उत्तर स्थित खेत में गाड़ा हुआ किशोरी का शव पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से बरामद किया।
स्थानीय लोगों ने संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अरुण कुमार और थानाध्यक्ष नागेंद्र कुमार राम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से खुदाई कर शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में मृतक किसी महिला या किशोरी की बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
शव मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई, जिससे इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस जल्द ही शव की पहचान कर अपराधियों तक पहुँचने के प्रयास में जुटी है।













