


भागलपुर। भागलपुर में बढ़ती गर्मी और संभावित लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत मॉडल सदर अस्पताल भागलपुर में लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए 8 बेड का विशेष वार्ड तैयार किया गया है।
मॉडल सदर अस्पताल के प्रभारी डॉ. राजू कुमार ने बताया कि विशेष लू वार्ड में 24 घंटे डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि वार्ड में आवश्यक दवाइयों, सलाइन, ऑक्सीजन एवं अन्य चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि तेज धूप एवं लू से बचाव के लिए सावधानी बरतें। विशेष रूप से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करें तथा बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
प्रशासन का कहना है कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिले के अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि लू से संबंधित किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।













