


भागलपुर । भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्तफापुर कमर टोली गांव में रविवार को एक किशोर का शव घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान बादल कुमार पासवान (13 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सच्चिदानंद पासवान का पुत्र बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार रविवार सुबह परिवार के सभी सदस्य खेत में काम करने गए थे। कुछ देर बाद किशोर अकेले घर लौट आया।
परिवार के लोग जब खेत से वापस घर पहुंचे और उसे खोजने लगे तो कमरे के अंदर उसका शव संदिग्ध अवस्था में मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार किशोर कभी-कभी असामान्य व्यवहार करता था। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।













