


पूर्णिया। किलकारी पूर्णिया में आयोजित समर कैंप (31 मई 2026 से 21 जून 2026) के अंतर्गत 1 जून से 10 जून तक रोप डांस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बच्चों ने उत्साह, लगन और मेहनत के साथ इस चुनौतीपूर्ण एवं आकर्षक नृत्य विधा का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
रोप डांस कार्यशाला का प्रशिक्षण विशेषज्ञ अजय कुमार मंडल द्वारा दिया गया। उन्होंने बच्चों को इस कला की बारीकियों से अवगत कराते हुए कई ऊर्जा से भरपूर और आकर्षक प्रस्तुतियां तैयार कराईं। कार्यशाला में श्रीमती पूजा प्रामाणिक ने सहयोगी विशेषज्ञ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विशेषज्ञों ने बताया कि रोप डांस की उत्पत्ति यूरोप में हुई थी। समय के साथ यह कला यूरोप से अमेरिका, रूस और अन्य देशों में लोकप्रिय होती गई। वर्तमान में यह भारत में भी तेजी से लोकप्रिय हो रही है। रस्सीकूद के खेल को रचनात्मकता और नृत्य के साथ जोड़कर इस अनूठी विधा का विकास किया गया है, जो बच्चों में शारीरिक क्षमता, तालमेल और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक है।
कार्यशाला में कुल 130 बच्चों ने भाग लिया और रोप डांस की विभिन्न तकनीकों एवं प्रस्तुतियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। समर कैंप के दौरान बच्चों की सीखने की उत्सुकता और प्रदर्शन ने प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को भी प्रभावित किया।
















