


पूर्णिया। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में केंद्राधीक्षकों, स्टेटिक दंडाधिकारियों, जोनल दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 21 जून (रविवार) को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 11 बजे से मिलेगा तथा प्रवेश का अंतिम समय दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी
परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा जैमर की व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों की सघन जांच और एडमिट कार्ड के फोटो एवं बायोमेट्रिक मिलान के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर रोक
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कागजात, अध्ययन सामग्री, बैग, पर्स, घड़ी, बेल्ट, आभूषण, खाद्य सामग्री एवं अन्य किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
सोशल मीडिया पर साइबर सेल की नजर
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला साइबर सेल सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है। परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक या तथ्यहीन सूचना प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विधि-व्यवस्था के लिए विशेष व्यवस्था
परीक्षा के सफल संचालन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सशस्त्र बल के साथ स्टेटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों को जोनल दंडाधिकारी बनाया गया है। परीक्षा के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06454-243000, 242310 एवं 241555 जारी किया गया है।
बैठक में अपर समाहर्ता रवि राकेश, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
















