


पूर्णिया। नई दिल्ली–गुवाहाटी राजधानी एक्सप्रेस (12424) के पहली बार पूर्णिया जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ट्रेन के चालक एवं गार्ड का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि कटिहार–किशनगंज रेलखंड पर नई रेलवे लाइन निर्माण कार्य के कारण फिलहाल गुवाहाटी एवं न्यू जलपाईगुड़ी से चलने वाली कई ट्रेनों का परिचालन पूर्णिया जंक्शन होकर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुवाहाटी राजधानी एक्सप्रेस का स्थायी परिचालन पूर्णिया जंक्शन के रास्ते हो, इसके लिए केंद्रीय रेल मंत्री एवं बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अनुरोध किया गया है।
विधायक ने कहा कि पूर्णिया जंक्शन एवं पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित करने, जोगबनी–दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस के आगमन एवं प्रस्थान समय में आवश्यक बदलाव करने तथा पूर्णिया से लंबी दूरी की नई ट्रेनों के परिचालन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में राजधानी एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का नियमित परिचालन पूर्णिया जंक्शन के रास्ते शुरू होगा, जिससे सीमांचल क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और रेल संपर्क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
स्वागत कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता सकलदीप राजपाल, विनय शाह, विजय मांझी, राजेश गोस्वामी, चंदन पासवान, सीमा झा, आशा देवी, संजय मिश्रा, अमित महतो, मुन्ना ठाकुर, मनोज कुमार मोनू, अमित डब्ल्यू, पवन सहनी, रुपेश शर्मा, पप्पू पासवान, मुकेश मिश्रा, रवि कुमार, संजय पटवा एवं तापस रुद्रा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम में रेलवे स्टेशन, जीआरपी एवं आरपीएफ के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय रेल यात्री भी उपस्थित रहे।
















