


किशनगंज जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया है। पहली घटना पोठिया थाना क्षेत्र के तैयबपुर स्थित काली मंदिर में हुई, जहां अज्ञात चोरों ने देवी के श्रृंगार में रखे लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

वहीं दूसरी घटना बहादुरगंज थाना क्षेत्र के भाटाबाड़ी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय खटियाटोली में सामने आई है। यहां चोरों ने कक्षा चार के कमरे का ताला काटकर चार में से तीन सीलिंग फैन चुरा लिए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय कुमार बसाक ने बताया कि सुबह स्कूल पहुंचने पर कमरे का ताला टूटा मिला और पंखे गायब थे। साथ ही कार्यालय के फाटक की घुंडी भी टेढ़ी कर दी गई थी।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि इससे पहले मार्च महीने में भी विद्यालय में चोरी हुई थी, जिसमें रसोई घर से गैस सिलेंडर और मोटर पंप चोरी हो गए थे। इस बार फिर से चोरी होने से विद्यालय प्रशासन चिंतित है।

घटना की सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष अंजय अमन और एसडीपीओ मंगलेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। जिला परिषद सदस्य निरंजन राय ने घटना की निंदा करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी थानाध्यक्ष दिलशाद आलम ने बताया कि प्रधानाध्यापक की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और अज्ञात चोरों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।















