


ठाकुरगंज और कुर्लीकोट थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटनाओं से मचा हड़कंप
किशनगंज। जिले में शुक्रवार को NH-327E पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। ठाकुरगंज और कुर्लीकोट थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटनाओं में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसों के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

पहली घटना ठाकुरगंज रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार एक कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद एनएच पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कंटेनर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। इस हादसे में ट्रक चालक और खलासी को मामूली चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

वहीं दूसरी और अधिक गंभीर दुर्घटना कुर्लीकोट थाना क्षेत्र के पिपरीथान चौक के पास हुई। यहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रेलर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर से जुड़ा ट्रेलर दो हिस्सों में टूट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में पोठिया थाना क्षेत्र के तैयबपुर बड़ापोखर निवासी 40 वर्षीय परदेशी सरकार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं माखनपोखर निवासी दिलीप कुमार और कालियागंज निवासी विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि सभी मजदूर ट्रैक्टर-ट्रेलर पर सवार होकर छत ढलाई के कार्य के लिए जा रहे थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर का तेल समाप्त हो जाने के कारण वह सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परदेशी सरकार को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों ने एनएच पर खड़े खराब वाहनों के लिए सुरक्षा संकेत और चेतावनी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
















