


मृतक की अब तक नहीं हो सकी पहचान, जीआरपी ने शव को सुरक्षित रखकर पहचान कराने का प्रयास किया शुरू
नवगछिया। नवगछिया जीआरपी थाना क्षेत्र के कुर्सेला रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना बिजली पोल संख्या 3907 और 3909 के बीच की बताई जा रही है। हादसे में युवक का शव दो टुकड़ों में कट गया। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद नवगछिया जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर उसे कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक का रंग सांवला है। घटना के समय उसने लाल रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की जींस पहन रखी थी। उसके सिर पर हरे रंग के गमछे का मुरेठा था। दाहिने हाथ पर गोदना जैसा निशान और कड़ा था। गले में लाल धागे में लॉकेट तथा पैरों में हरे रंग की चप्पल थी।

जीआरपी पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि इस हुलिए के आधार पर किसी युवक के लापता होने की जानकारी हो तो नवगछिया जीआरपी से संपर्क करें।
पुलिस के अनुसार निर्धारित 72 घंटे की अवधि तक शव को पहचान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। इस अवधि में पहचान नहीं होने पर नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
















