5
(2)

एसआईटी की कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर नाथनगर के लालूचक निवासी प्रीतम कुमार उर्फ नेपाली पकड़ा गया

नवगछिया। नवगछिया थाना पुलिस ने लूटकांड में फरार चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक निवासी प्रीतम कुमार उर्फ नेपाली के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार 16 मई 2025 को नवगछिया थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित गुदरिया स्थान के समीप दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर मक्का व्यवसायी दो सगे भाइयों से करीब 10 लाख रुपये की लूट की थी।

पीड़ित व्यवसायी आशुतोष आनंद और आनंद सिंह पटना जिले के बेउर निवासी हैं। दोनों भाई फरवरी 2025 से नवगछिया के जीरोमाइल में किराये का कमरा लेकर रह रहे थे। बताया गया कि दोनों किसान को मक्का की खरीद के रुपये देने जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने रास्ते में उन्हें रोककर हथियार का भय दिखाया और रुपये लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित व्यवसायी के बयान पर नवगछिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया था। इसमें नवगछिया थानाध्यक्ष सहित विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया था।

गठित टीम ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज का लगातार अवलोकन किया। इसके साथ ही मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपित प्रीतम कुमार उर्फ नेपाली की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में पूर्व में भी तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार प्रीतम कुमार उर्फ नेपाली के खिलाफ शाहकुंड थाना में भी गंभीर अपराध से संबंधित प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: