


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
भागलपुर जिले में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 26 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 24,672 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 17,952 पुरुष, 6,718 महिला और दो अन्य मतदाता शामिल हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी गई। डीएम ने राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों से चुनाव के दौरान आचार संहिता का पूरी तरह पालन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी तरह का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

















