


भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र स्थित बाइपास मुख्य सड़क पर शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे एवं कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ समय के लिए बाइपास सड़क जाम कर दिया।
पहली घटना में विशनपुर जिछो निवासी शालिग्राम यादव के पुत्र अरविंद यादव की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, अरविंद यादव टोटो चालक थे और एक बच्चे को बिरला स्कूल छोड़ने के लिए बाइपास मुख्य सड़क पर गए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

वहीं दूसरी घटना दोपहर करीब एक बजे हुई, जब जिछो निवासी स्वर्गीय लब्बु मंडल के 65 वर्षीय पुत्र उपेंद्र मंडल एक हाइवा की चपेट में आ गए। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उपचार से पहले ही उपेंद्र मंडल की मौत हो गई।
दोनों हादसों से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने बाइपास मुख्य सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर प्रशिक्षु डीएसपी सह लोदीपुर प्रभारी थानाध्यक्ष प्रेरणा सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद कई घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया जा सका।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार वाहन चालकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।
इन दोनों हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
















