


नवगछिया अनुमंडल के मदरौनी चौक पर मंगलवार की रात करीब 8:45 बजे एक मोटरसाइकिल मिस्त्री की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मदरौनी चौक निवासी मनोज मंडल की मोटरसाइकिल मरम्मत की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान में बड़ी मात्रा में टायर और ट्यूब रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और घना धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। इसी बीच सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया। दमकल विभाग की एक बड़ी गाड़ी और दो छोटी गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
दुकानदार मनोज मंडल ने बताया कि वह कर्ज लेकर दुकान चला रहे थे। आग लगने से दुकान में रखा उपकरण, टायर-ट्यूब और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है। इस घटना में लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना के बाद काफी देर तक क्षेत्र में लोगों की भीड़ लगी रही। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।













