


घाट पर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने पर हुई चर्चा
नवगछिया : महादेवपुर घाट पर मालवाहक जहाज सेवा एवं यात्री सुविधाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश तथा जिरिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राज शेखर शामिल हुए।

बैठक के दौरान जाह्नवी चौक घाट पर बड़े जहाजों के सुरक्षित ठहराव और परिचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन के लिए सड़क निर्माण, पार्किंग क्षेत्र विकसित करने तथा घाट पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने घाट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर संभावित व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, यात्री सुविधा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई।
बैठक में कहा गया कि फेरी सेवा और मालवाहक जहाज संचालन शुरू होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

कंपनी के निदेशक राज शेखर ने कहा कि जहाज सेवा शुरू होने से आम लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही भारी वाहनों के परिवहन के लिए यह बेहतर विकल्प साबित होगा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने घाट क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं के विकास को लेकर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा और सुरक्षित परिचालन को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाएगा।
बैठक में वार्ड पार्षद गोपाल कुमार, विक्रम स्वर्णकार, जनता दल यूनाइटेड नेता प्रशांत, भवेश कुमार कन्हैया, प्रिंस आर्या सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।















