


वॉलीबॉल क्लबों को खेल सामग्री देकर खिलाड़ियों को किया जाएगा प्रोत्साहित
नवगछिया के बिहपुर में 17 मई को डॉ. Achyuta Samanta के जीवन-दर्शन पर आधारित अंतरराष्ट्रीय “आर्ट ऑफ गिविंग” दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय “साझा करें और आगे बढ़ें” निर्धारित किया गया है।

बिहार राज्य आर्ट ऑफ गिविंग के अध्यक्ष नीलकमल राय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर बिहार के सभी 38 जिलों के 125 वॉलीबॉल क्लबों को तीन-तीन वॉलीबॉल तथा एक-एक जाल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
आर्ट ऑफ गिविंग के समन्वयक एवं नवगछिया पुलिस जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष उत्तम कुमार, सचिव नीलेश कुमार तथा राज्य प्रवक्ता सह पुलिस जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव ज्ञानदेव कुमार ने बताया कि बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेन्द्र, जो आर्ट ऑफ गिविंग बिहार इकाई के मुख्य संरक्षक भी हैं, कार्यक्रम का उद्घाटन कर सकते हैं।

शारीरिक शिक्षक एवं आर्ट ऑफ गिविंग के पदाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि नवगछिया पुलिस जिला के दस क्लबों को वॉलीबॉल और जाल प्रदान किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रेम, भाईचारा, देशभक्ति और गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा का संदेश समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता और सेवा भावना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।















