


पूर्णिया।अमौर थाना क्षेत्र के बागढ़र मधवा कोला गांव में छह दिन पूर्व शादी समारोह के दौरान एक बच्ची की निर्मम हत्या का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि पीड़ित परिवार पर एक और संकट आ खड़ा हुआ है। मृत बच्ची के दादा पिछले तीन दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं, जिससे परिवार गहरे सदमे और भय के साए में जीने को मजबूर है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों सोमीया कुमारी नामक बच्ची अपनी मां के साथ शादी समारोह में गई थी, जहां से वह अचानक लापता हो गई थी। बाद में खोजबीन के दौरान उसका शव पास के खेत से बरामद हुआ था। बच्ची की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था।
इस घटना के बाद मृतका के दादा कृत्यानंद हरिजन (50) काफी व्यथित थे और हत्यारों का सुराग तलाशने में जुटे हुए थे। परिजनों के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब 10 बजे वे घर से निकले थे और दोपहर तक लौटने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
लगातार खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है और उनकी सकुशल बरामदगी की मांग की है। परिवार के लोगों को आशंका है कि इस घटना के पीछे कोई गंभीर साजिश भी हो सकती है।
घटना के बाद से पूरा परिवार भय और असमंजस की स्थिति में है। एक ओर बच्ची की हत्या का गम, तो दूसरी ओर दादा के लापता होने से घर में मातम पसरा हुआ है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही लापता कृत्यानंद हरिजन को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
















