


भागलपुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) का 9वां भागलपुर जिला सम्मेलन 26 अप्रैल से शुरू होकर 27 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी के नगर प्रभारी मुकेश मुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन “एकजुट रहें, न्याय और अधिकार की लड़ाई तेज करें” के आह्वान के साथ आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला सम्मेलन के माध्यम से बेघर गरीबों के आवास, दलितों के अधिकार, सम्मानजनक रोजगार, शिक्षा-स्वास्थ्य की व्यवस्था तथा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही बुलडोजर कार्रवाई और वर्तमान भाजपा-जदयू सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी तथा आम मेहनतकश लोगों से जुड़े सवालों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन के दौरान नई जिला कमिटी का चुनाव किया जाएगा, जो अगले कार्यकाल तक जिले में पार्टी की गतिविधियों का संचालन करेगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह सम्मेलन भूमिहीनों, दलितों, महिलाओं एवं वंचित तबकों के हक-अधिकार की लड़ाई को नई दिशा देगा।
पार्टी के राज्य कमिटी सदस्य कॉमरेड विजय कुमार सम्मेलन के पर्यवेक्षक होंगे और उनकी देखरेख में सभी कार्यवाही संपन्न होगी। प्रतिनिधि सत्र में भागलपुर नगर सहित नवगछिया, खरीक, कहलगांव, रंगरा, जगदीशपुर, बिहपुर, नाथनगर, सबौर, गोराडीह, सन्हौला और शाहकुंड प्रखंडों से प्रतिनिधि भाग लेंगे।
पार्टी परंपरा के अनुसार नवगछिया के शहीद गंगानगर (कदवा) में आयोजित सम्मेलन मंच का नामकरण कॉमरेड बमबम मंडल तथा सभागार का नामकरण कॉमरेड अर्जुन प्रसाद यादव के नाम पर किया गया है।
सम्मेलन की सफलता को लेकर जिला सचिव महेश प्रसाद यादव, बिंदेश्वरी मंडल, मुकेश मुक्त, विष्णु कुमार मंडल, पुरुषोत्तम दास, संथालजी मंडल, गौरीशंकर राय, रणधीर यादव, रेणु देवी, सिकंदर तांती, आशा देवी, मनोरमा देवी, सुशील कुमार भारती, निरंजन भारती, आशुतोष कुमार तथा खरीक प्रखंड सचिव सत्यनारायण यादव सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।















