


‘
पूर्णिया । बिहार क्रिकेट अंडर-14 एवं अंडर-16 चयन समिति के पूर्व सदस्य, ईस्ट जोन के पूर्व चेयरमैन तथा क्रिकेट प्रशिक्षक हरि ओम झा ने बिहार सरकार की ‘मैडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना को खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से राज्य के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में हरि ओम झा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल एवं खिलाड़ियों के हित में सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदम सराहनीय हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा बिहार की अपनी आईपीएल टीम बनाने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राज्य के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा और खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र और खेल छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आकाशदीप एवं मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर नियुक्ति तथा एथलीट पीयूष राज सहित 19 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र मिलने पर उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
हरि ओम झा ने सरकार से प्रत्येक प्रमंडल मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाने तथा जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के खेल मैदानों का विकास कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी जिलों में उपलब्ध खेल मैदानों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाए, ताकि विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की सुविधा मिल सके।
उन्होंने पूर्णिया जिले के इंदिरा गांधी स्टेडियम, डीएसए ग्राउंड, जिला स्कूल स्टेडियम, पूर्णिया कॉलेज, गुलाबबाग मेला ग्राउंड, रानीपतरा खेल मैदान सहित अन्य खेल मैदानों के विकास की आवश्यकता पर भी बल दिया। उनका कहना था कि आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित होने से बिहार में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलेगी और राज्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेगा।
















