


पूर्णिया। जिला प्रशासन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को जिले की सभी पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

पंचायत विकास दिवस के दौरान संबंधित अधिकारियों ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं के साथ-साथ ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) एवं अन्य पंचायत से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपस्थित लोगों को दी। साथ ही योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।
इसी क्रम में उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार ने पूर्णिया पूर्व प्रखंड की चांदी पंचायत में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने आम नागरिकों को ग्राम पंचायत विकास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
जिला प्रशासन ने बताया कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना है। कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
















