


नवगछिया। कसौधन विकास समिति, नवगछिया की ओर से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किशन कुमार गुप्ता पिता– सोनी गुप्ता, निवासी कुम्हार पट्टी, को सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसके शिक्षित एवं प्रतिभाशाली युवाओं से होती है। जब समाज के बच्चे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करते हैं, तो वे अपने परिवार, समाज और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

समिति के सचिव राजीव गुप्ता ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी शिक्षा के प्रति पहले की अपेक्षा अधिक जागरूक हुई है और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। उन्होंने कहा कि समिति आगे भी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करती रहेगी।
सम्मान समारोह में सजन गुप्ता, मोनी गुप्ता, निखिल गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, पावन गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, धनेश गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्यों ने भी किशन कुमार गुप्ता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं चिकित्सकीय क्षेत्र में सफलता की कामना की।
















