


नवगछिया के
रंगरा थाना क्षेत्र के मसूदनपुर निवासी एक युवक ने जमीन विवाद को लेकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रंगरा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदनकर्ता विक्रम कुमार पिता– राजकिशोर सिंह, निवासी मसूदनपुर, थाना रंगरा, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि शनिवार (19 जुलाई) को वह अपने घर पर दुकान चला रहा था। इसी दौरान उसके रिश्तेदार राजेश्वर सिंह समेत छह नामजद एवं 25-30 अन्य लोग उसके घर पहुंचे और जमीन में जबरन हिस्सा मांगने लगे।
आवेदन के अनुसार, जमीन की मापी कराने की बात कहने पर आरोपित आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज, धक्का-मुक्की एवं मारपीट करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि सभी आरोपित दबंग एवं आपराधिक प्रवृत्ति के हैं तथा उन्होंने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

विक्रम कुमार ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपितों ने विपुल मंडल एवं गुड्डू मंडल को झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी तथा कहा कि उसकी भी हत्या कराई जा सकती है। इससे वह और उसका परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
पीड़ित ने रंगरा थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
















