


नवगछिया : झंडापुर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान युवक के साथ मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर झंडापुर थाना में दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।

महेशपुर, हरियो वार्ड संख्या-13 निवासी राजीव रविदास (पिता- स्व. सूरज रविदास) ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि 15 जुलाई की रात गांव में आयोजित एक शादी समारोह में वह कुर्सी पर बैठा था। इसी दौरान गांव के दीपक रविदास एवं गौतम रविदास (दोनों पिता- ब्रह्मदेव रविदास) बारातियों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ भी अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
आवेदन के अनुसार, आरोपितों ने कथित रूप से अवैध देशी कट्टा (थ्रीनट) के बट से उसके सिर पर लगातार तीन बार वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और गंभीर चोट आई। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपितों ने कट्टा तानकर उसकी शर्ट की जेब से पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन भी छीन लिया।
घायल राजीव रविदास का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहपुर में कराया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले की शिकायत करने पर आरोपितों ने पूरे परिवार की गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी है, जिससे परिवार के सदस्य भय के माहौल में जी रहे हैं।
पीड़ित ने झंडापुर थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
















