5
(1)

पूर्णिया । मिल्लिया फखरुद्दीन अली अहमद बी.एड. शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, रामबाग, पूर्णिया के सभागार में शनिवार को बी.एड. सत्र 2024-26 के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जूनियर सत्र 2025-27 के छात्र-छात्राओं की ओर से किया गया। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सीनियर छात्रों को भावपूर्ण विदाई दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शहबाज रिजवी एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्राचार्य एवं सहायक प्राध्यापकों ने विदा हो रहे भावी शिक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विदाई समारोह को यादगार बनाने के लिए सत्र 2025-27 के छात्र-छात्राओं ने मिल्लिया तराना, स्वागत गीत, विदाई गीत, नृत्य एवं समूहगान की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। जूनियर छात्रों ने सीनियर साथियों के साथ बिताए खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा करते हुए भावुक संदेश दिए। इस दौरान कई भावुक क्षण भी देखने को मिले।

जूनियर छात्रों ने विदा हो रहे सीनियर साथियों को स्मृति के रूप में उपहार एवं स्मृति-चिह्न भेंट किए। वहीं सीनियर छात्रों ने भी महाविद्यालय में अपने अनुभव साझा किए और संस्थान के प्राचार्य एवं प्राध्यापकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय से प्राप्त शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन उन्हें भविष्य में एक आदर्श शिक्षक बनने में मदद करेगा।

मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

समारोह का प्रमुख आकर्षण मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान रहा। प्राचार्य डॉ. शहबाज रिजवी ने विश्वविद्यालय परीक्षा-2026 में महाविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बी.एड. सत्र 2024-26 के 12 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मानित छात्रों में साजिया मंजूर ने प्रथम, सानिया हसन ने द्वितीय तथा खुशी सिंह, शशि कुमार और सोनू कुमार राय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नौखेज अहमद एवं आयसा प्रवीण छठे, जैबून निशां आठवें, नैना नौवें तथा चांदनी कुमारी, रवि पटेल एवं अबू फैजान ने दसवां स्थान प्राप्त किया।

इसी क्रम में बी.एड. सत्र 2025-27 के विश्वविद्यालय परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें नायमा अकबर प्रथम, ज्योति कुमारी द्वितीय, जेबा प्रवीण तृतीय, कहकशां वारसी एवं मुस्कान प्रवीण चतुर्थ, ईशा साहा एवं आस्था छठे तथा मो. निशार राई, वैशाली भारती एवं मो. अरसलान आठवें स्थान पर रहे।

शिक्षक राष्ट्र निर्माता : प्राचार्य

समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. शहबाज रिजवी ने कहा कि यह दिन महाविद्यालय के लिए गौरव और भावुकता से भरा है। बी.एड. सत्र 2024-26 के छात्र यहां से विदा हो रहे हैं और संस्थान को गर्व है कि उसने समाज को समर्पित करने के लिए कुशल एवं आदर्श शिक्षकों की नई पीढ़ी तैयार की है।

उन्होंने कहा कि विदाई किसी सफर का अंत नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के नए अध्याय की शुरुआत है। शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी और कहा कि परीक्षा में स्थान प्राप्त नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। जीवन में सफलता के लिए निरंतर परिश्रम और अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है।

प्राचार्य ने जूनियर छात्रों की ओर से आयोजित विदाई समारोह की सराहना करते हुए कहा कि प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों के भीतर ज्ञान की जो ज्योति प्रज्वलित की है, अब समय है कि वे समाज के हर वर्ग तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाएं और एक सच्चे एवं आदर्श शिक्षक के रूप में अपनी पहचान बनाएं।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। समारोह को सफल बनाने में प्राचार्य के साथ सभी सहायक प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में डॉ. मुरलीधर कुमार, कमलेश कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, राजीव कुमार, सौरभ कुमार, अंसारूल हक, शादाब कौशर, मो. सफीर अहमद, सूरज कुमार, बुनो, सुधा, उमा एवं बबीता सहित अन्य मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: