


भागलपुर । मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान औरंगा गांव निवासी नीरज कुमार मंडल के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
मृतक के पिता शंकर मंडल ने बताया कि नीरज बाइक से अपने घर से बाजार जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक अनियंत्रित वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत संग्रामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान नीरज ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी घटना पर दुख जताया है।

वहीं मृतक के पिता शंकर मंडल ने आरोप लगाया है कि सड़क हादसे के बाद से नीरज का मोबाइल फोन गायब है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने पुलिस से दुर्घटना की जांच कर वाहन चालक की पहचान करने और मोबाइल फोन बरामद करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















