


नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में नाबालिग लड़की को भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जून को पीड़ित पक्ष की ओर से रंगरा थाना में आवेदन दिया गया था। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि आशीष कुमार गोस्वामी नामक युवक नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से अपने साथ ले गया है। आवेदन के आधार पर रंगरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया। मामले में संलिप्तता के आरोप में अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर पचयारा गोस्वामी टोला निवासी आशीष कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है। नाबालिग के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















