


पूर्णिया। नगर निगम सभागार में गुरुवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों एवं साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी वार्डों के वार्ड पर्यवेक्षक, सफाई पर्यवेक्षक, कनीय अभियंता, नगर निगम पदाधिकारी तथा विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान महापौर ने नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया कि लंबित योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने कहा कि शहर के समुचित विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने अभियंताओं को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। महापौर ने सभी सफाई एवं वार्ड पर्यवेक्षकों को प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बरसात के मौसम को देखते हुए संभावित जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए छोटे-बड़े नालों की नियमित सफाई कराने का निर्देश भी दिया गया। महापौर ने जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर देते हुए नाला सफाई कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने को कहा, ताकि वर्षा के दौरान शहरवासियों को परेशानी न हो।

उन्होंने कचरा उठाव, नाला सफाई एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी तथा आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक में मैकेनिकल असिस्टेंट इंजीनियर प्रियंका भारती, सिटी मैनेजर राजेश झा एवं पवन कुमार पवन, प्रधान सहायक उमेश प्रसाद यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
















