


पूर्णिया।बिहार सरकार के हालिया मंत्रिमंडल विस्तार में विधान पार्षद एवं पूर्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस अवसर पर भाजपा की जिलामंत्री नूतन गुप्ता ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

श्रीमती गुप्ता ने कहा कि डॉ. जायसवाल का मंत्रिमंडल में शामिल होना पूरे पूर्णिया प्रमंडल और सीमांचल क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. जायसवाल के अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और कुशल नेतृत्व से पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उनके मंत्री बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है तथा संगठन और अधिक मजबूत होगा।

भाजपा जिलामंत्री ने कहा कि उद्योग, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास को अब सीमांचल क्षेत्र में विशेष प्राथमिकता मिलने की उम्मीद है। उन्होंने इसे सीमांचल के सुनहरे भविष्य की शुरुआत बताते हुए कहा कि डॉ. जायसवाल एक सच्चे जमीनी नेता हैं, जो हमेशा कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि उनकी ईमानदार एवं कर्मठ छवि के कारण ही उन्हें पुनः मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए बिहार सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल सभी मंत्रियों को भी शुभकामनाएं दीं।
















