


भागलपुर।भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर गांव में गेहूं की तैयारी के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, फतेहपुर गांव निवासी सुबो देवी अपने घर के पास गेहूं की मड़ाई के कार्य में लगी हुई थीं। इसी दौरान अचानक उनकी साड़ी थ्रेसर मशीन में फंस गई। देखते ही देखते मशीन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए तुरंत थ्रेसर मशीन बंद की और महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह बुरी तरह घायल हो चुकी थीं। परिजनों द्वारा आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कृषि कार्य के दौरान मशीनों के उपयोग में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
इस घटना ने एक बार फिर खेतों में काम करते समय सुरक्षा उपायों और सतर्कता बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।













