
श्रीपुर रिंग बांध पर हुई घटना, पीठ में लगी गोली; बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर, आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
नवगछिया थाना क्षेत्र के श्रीपुर रिंग बांध पर बुधवार को बकरी चराने गई एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घायल महिला की पहचान स्वर्गीय चंद्रदेव सिंह की पत्नी इंदू देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया।

बताया गया कि इंदू देवी बकरी चराने के लिए बहियार गई थीं। इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने कथित रूप से उन्हें गोली मार दी। बताया जा रहा है कि आरोपित ने महिला पर पहली गोली चलाई, लेकिन वह मिस फायर हो गई। इसके बाद दूसरी गोली महिला की पीठ में जा लगी। गोली लगने के बाद महिला घायल होकर मौके पर गिर पड़ी।
स्थानीय लोगों ने मोबाइल फोन से इसकी सूचना आपातकालीन सेवा संख्या 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पूर्णिया रेफर कर दिया।

इधर, अनुमंडल अस्पताल में इलाज के दौरान नवगछिया थाना की पुलिस ने घायल महिला का बयान दर्ज किया। पुलिस ने घटना के संबंध में महिला से जानकारी ली है। हालांकि, गोलीबारी के पीछे के कारणों की अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और गोलीबारी में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नवगछिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों के साथ-साथ गोलीबारी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
बताया गया कि घायल महिला के पति चंद्रदेव सिंह की पूर्व में आग लगने से जलकर मौत हो गई थी। उनका पुत्र अमृत सिंह दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता है। घटना के बाद परिवार के लोगों और स्थानीय ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि महिला को गोली मारकर घायल किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की जा रही है।















