


नवगछिया । सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन के हालिया निरीक्षण के बाद नवगछिया रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। सोनपुर–बरौनी एवं बरौनी–कटिहार रेलखंड के सघन निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने संकेत दिया कि भविष्य में इस रूट पर चार लाइन (फोर ट्रैक) बनने से रेलवे की क्षमता दोगुनी हो जाएगी, जिससे नवगछिया स्टेशन का महत्व और बढ़ेगा।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने थानाबिहपुर, खरीक, उमेशनगर होते हुए नवगछिया स्टेशन का जायजा लिया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, पैनल रूम, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ तेज गति से पूरे किए जाएं।
डीआरएम ने बताया कि नवगछिया स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार सहित कई कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें और तेजी से पूरा करने को कहा गया है। हालांकि नया स्टेशन भवन फिलहाल लंबित है। इसके पीछे बरौनी से कटिहार तक प्रस्तावित फोर लाइन ट्रैक निर्माण को मुख्य कारण बताया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद नए भवन का निर्माण भी गति पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि फोर लाइन ट्रैक निर्माण में लगभग 4 से 5 वर्ष का समय लग सकता है। फिलहाल बरौनी से बछवाड़ा तक कार्य जारी है, जो वर्ष के अंत तक पूरा होने की संभावना है, जबकि बरौनी से नवगछिया होते हुए कटिहार तक का प्रस्ताव रेलवे मंत्रालय में विचाराधीन है।
लंबित कार्यों पर सख्ती
प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पास लिफ्ट और एस्केलेटर के लिए दो वर्ष पूर्व खोदे गए गड्ढों के मुद्दे पर डीआरएम ने कहा कि योजना में बदलाव और फोर लाइन प्रस्ताव के कारण कार्य रुका था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।
स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा
निरीक्षण के दौरान डीआरयूसीसी सदस्य कुमार मिलन सागर ने डीआरएम का स्वागत करते हुए स्टेशन के विकास के साथ छह जोड़ी महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी। वहीं पूर्वी केबिन के पास ओवरब्रिज निर्माण के बाद केबिन बंद होने से हो रही समस्याओं को भी उठाया गया। आजाद हिंद मोर्चा के राजेंद्र यादव ने भी मांग पत्र सौंपते हुए स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से रखा। डीआरएम ने सभी समस्याओं पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
रेलवे अधिकारियों के अनुसार फोर लाइन ट्रैक बनने के बाद इस रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी, लेट-लतीफी कम होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नवगछिया स्टेशन भविष्य में एक महत्वपूर्ण रेलवे हब के रूप में उभर सकता है।
डीआरएम के निरीक्षण के बाद यह स्पष्ट है कि नवगछिया रेलवे स्टेशन आने वाले वर्षों में बड़े बदलाव की ओर अग्रसर है। यदि योजनाएं समय पर पूरी होती हैं, तो यह स्टेशन क्षेत्रीय विकास की नई धुरी बन सकता है।
















