


नवगछिया। कटिहार-बरौनी रेलखंड पर नवगछिया रेलवे स्टेशन में जीआरपी पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई ट्रेन संख्या 6308 मेमो पैसेंजर ट्रेन में की गई। बरामद शराब को जब्त कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रेल थाना नवगछिया के थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी के नेतृत्व में ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कटिहार-बरौनी रेलखंड से गुजर रही मेमो पैसेंजर ट्रेन की तलाशी ली गई।
जांच के दौरान ट्रेन के शौचालय के समीप एक काले रंग का पिठ्ठू बैग और एक नीले रंग का हैंडबैग लावारिस हालत में मिला। पुलिस को दोनों बैग संदिग्ध प्रतीत हुए, जिसके बाद उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैगों के अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।

बरामद शराब में 180 एमएल की ऑफिसर चॉइस ब्रांड की 108 बोतलें तथा 750 एमएल की 11 बोतलें शामिल हैं। कुल मिलाकर 27.69 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।
जीआरपी पुलिस ने बरामद शराब को अपने कब्जे में लेकर रेल थाना नवगछिया पहुंचाया, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किसकी थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि रेलवे मार्ग से होने वाली अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर संदिग्ध सामानों की गहन जांच की जा रही है और शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जीआरपी की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी रेलवे मार्गों पर निगरानी और चेकिंग अभियान को और तेज किया जाएगा।
















