


नवगछिया। नवगछिया रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को पत्थरबाजी, बिना कारण एसीपी (अलार्म चेन पुलिंग), नशाखुरानी, मानव तस्करी एवं महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे एवं पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक किया।

निरीक्षक प्रभारी, थाना बिहपुर के निर्देशन में उप निरीक्षक रवि कुमार रजक, प्रधान आरक्षी शिव शंभू, आरक्षी रमेश कुमार साह सहित जीआरपी के पदाधिकारी, स्टेशन अधीक्षक, मंडल वाणिज्य निरीक्षक एवं रेलवे के अन्य अधिकारी व कर्मचारी अभियान में शामिल हुए।
अभियान के दौरान यात्रियों से अपील की गई कि ट्रेनों पर किसी भी परिस्थिति में पत्थर न चलाएं। चलती ट्रेन में बिना आवश्यक कारण के एसीपी नहीं करने तथा रेल यात्रा के दौरान ज्वलनशील पदार्थ लेकर नहीं चलने की भी हिदायत दी गई।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को नशीली दवाओं की तस्करी, पत्थरबाजी, मानव तस्करी, टीओपीवी की रोकथाम, महिला सुरक्षा और नशाखुरानी से बचाव के संबंध में जानकारी दी। यात्रियों को संदिग्ध गतिविधियों से सावधान रहने तथा किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए खाने-पीने के सामान का सेवन नहीं करने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी, संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी समस्या सामने आने पर यात्री तत्काल रेलवे की हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें।
अभियान के दौरान स्टेशन पर मौजूद करीब 80 से 90 यात्रियों को जागरूक किया गया। रेलवे एवं पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से सुरक्षित यात्रा के नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।
















