


सात बेंचों पर सैकड़ों मामलों का निष्पादन, करोड़ों रुपये के मामलों का हुआ समझौता
नवगछिया व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निष्पादन किया गया। लोक अदालत में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और मामलों के त्वरित निपटारे को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया।

मामलों के निष्पादन के लिए न्यायालय परिसर में कुल सात बेंचों का गठन किया गया था। प्रत्येक बेंच पर न्यायिक पदाधिकारियों एवं पैनल अधिवक्ताओं की प्रतिनियुक्ति की गई थी। दिनभर चले इस आयोजन में सैकड़ों मामलों का निपटारा करते हुए लाखों एवं करोड़ों रुपये के समझौते और ऋण वसूली की गई।
प्रथम बेंच पर जिला अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम अफजल आलम एवं पैनल अधिवक्ता राघव नंदन मौजूद थे। इस बेंच पर कुल 135 मामलों का निष्पादन किया गया। साथ ही 56 लाख 12 हजार 550 रुपये का समझौता कराया गया तथा 34 लाख 12 हजार 250 रुपये की ऋण वसूली की गई।
द्वितीय बेंच पर जिला अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय दिव्य प्रकाश एवं पैनल अधिवक्ता प्रभात कुमार मौजूद थे। इस बेंच पर 103 मामलों का निष्पादन हुआ। यहां 17 लाख 3 हजार 907 रुपये का समझौता कराया गया तथा 11 लाख 22 हजार 697 रुपये की ऋण वसूली की गई।

तृतीय बेंच पर अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी तृतीय दीपक कुमार एवं पैनल अधिवक्ता अमित कुमार यादव मौजूद थे। इस बेंच पर कुल 83 मामलों का निष्पादन किया गया। साथ ही 5 करोड़ 53 लाख 66 हजार 761 रुपये का समझौता हुआ तथा 56 लाख 36 हजार 676 रुपये की ऋण वसूली की गई।
वहीं एक अन्य बेंच पर अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी आशीष चंद्र एवं पैनल अधिवक्ता मनीष कुमार मौजूद थे। इस बेंच पर चार मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें 1 लाख 53 हजार रुपये का समझौता हुआ तथा 25 हजार रुपये की ऋण वसूली की गई।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लोगों को कम समय, कम खर्च और आपसी सहमति से विवादों के समाधान का अवसर मिला। न्यायालय प्रशासन ने इसे आम जनता के लिए बेहद राहतकारी पहल बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से न्याय प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने में मदद मिलती है।















