5
(1)



स्टेयरिंग में फंस गया चालक, कटर से गाड़ी काटकर निकाला गया शव

नवगछिया  : नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर बस स्टैंड समीप एनएच-31 पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक पिकअप चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उपचालक आंशिक रूप से घायल हो गया। हादसा सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार पिकअप के टकराने से हुआ।

घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन काफी तेज गति में था। अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण चालक सड़क किनारे खड़ी ट्रक को समय पर देख नहीं पाया और पिकअप सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर अंदर की ओर दब गया।


हादसे में पिकअप चालक वाहन के स्टेयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उपचालक भी वाहन के अंदर फंसकर घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल उपचालक को वाहन से निकालकर पुलिस गाड़ी से नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

वहीं चालक का शव वाहन में बुरी तरह फंस जाने के कारण उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में कटर मशीन की मदद से पिकअप का गेट काटकर शव को बाहर निकाला गया।


मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत धमौन निवासी सुनील कुमार (28 वर्ष), पिता विश्वनाथ राय के रूप में हुई है। जबकि घायल उपचालक की पहचान उसी गांव के मनोज कुमार (30 वर्ष), पिता फुदो नारायण राय के रूप में की गई है।

घायल उपचालक ने बताया कि वह अपने साथी सुनील कुमार के साथ पिकअप वाहन में गाजर और चुकंदर लेकर समस्तीपुर से पूर्णिया जा रहे थे। इसी दौरान नारायणपुर बस स्टैंड के समीप यह हादसा हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अनुमंडल अस्पताल नवगछिया स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां शव देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।

भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक पिकअप चालक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: