



नवगछिया । नवगछिया में लगातार बढ़ रही भीषण ठंड को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सराहनीय पहल की है। नगर परिषद नवगछिया के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार के निर्देश पर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि ठंड से लोगों को राहत मिल सके।

नगर परिषद द्वारा बिहुला विषहरी पार्क, स्टेशन चौक, वैशाली चौक, गोपाल गौशाला परिसर तथा नगर परिषद कार्यालय के समीप अलाव की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों का चयन विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं आम लोगों की अधिक आवाजाही को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जिससे राहगीरों, मजदूरों, बुजुर्गों, फुटपाथ पर रहने वाले लोगों तथा जरूरतमंदों को ठंड से बचाव मिल सके।

नगर परिषद की इस मानवीय पहल से स्थानीय नागरिकों में संतोष एवं प्रसन्नता देखी जा रही है। लोगों ने ठंड के इस कठिन दौर में प्रशासन द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।
नगर परिषद प्रशासन की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि यदि ठंड और बढ़ती है अथवा आवश्यकता महसूस होती है, तो अलाव की व्यवस्था को शहर के अन्य स्थानों पर भी विस्तारित किया जाएगा, ताकि कोई भी नागरिक कड़ाके की ठंड से प्रभावित न हो।














