


भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवटोलिया भतुआचक गांव में घास काटने गई एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रुक्मिणी देवी (50), पति स्वर्गीय बैद्यनाथ मंडल, निवासी भतुआचक के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार रुक्मिणी देवी घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में घास काटने गई थीं। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर उनका बेटा अमित कुमार उन्हें खोजने निकला। मोबाइल की रोशनी में तलाश के दौरान खेत में खून से लथपथ उनकी लाश पड़ी मिली। शव के पास घास का बोझा भी पड़ा हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। बाद में सिटी एसपी शैलेन्द्र सिंह एवं सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की।

मृतका के बेटे अमित कुमार ने पड़ोस के 4-5 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि पांच दिन पहले पड़ोसियों से विवाद हुआ था। पड़ोसी के ट्रैक्टर की बैट्री चोरी होने पर उसके भतीजे पर आरोप लगाया गया था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
मृतका की बेटी ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक पड़ोसी उसकी मां का खेत जाने के दौरान पीछा करता था। पांच दिन पहले मां ने इस बात की जानकारी दी थी, लेकिन विवाद बढ़ने के डर से बेटे को बताने से मना कर दिया था।

परिजनों के अनुसार हमलावरों ने पहले रुक्मिणी देवी के पैर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें दबोचकर गले पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। शव पर गले और पैर में गहरे जख्म पाए गए हैं।
अमित कुमार ने बताया कि वह अलीगंज बिजली कार्यालय में मानव बल के रूप में कार्यरत है। शाम को घर लौटने पर पत्नी ने बताया कि मां खेत गई हैं। इसके बाद वह उन्हें खोजने निकला, जहां खेत में शव मिला।

परिजनों ने बताया कि करीब सात वर्ष पहले मृतका के पति की भी हत्या हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
















