


नवगछिया । बिहपुर थाना क्षेत्र के गंगा दियारा स्थित दुधेला गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां महज नौ माह पूर्व शादी कर ससुराल आई 21 वर्षीय नवविवाहिता सपना कुमारी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद ससुराल पक्ष के अधिकांश सदस्य घर से फरार बताए जा रहे हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।

जानकारी के अनुसार, दुधेला निवासी गोपाल भगत के बड़े पुत्र दीपक कुमार के साथ सपना कुमारी की शादी मई 2025 में मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदा गांव निवासी पूरन भगत की पुत्री से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। सोमवार की दोपहर सपना ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर बिहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका के पिता पूरन भगत ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पुत्री को शादी के बाद से ही लगातार दहेज और पैसे के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि शादी में करीब पांच लाख रुपये नकद, जेवरात, फर्नीचर और कपड़े दिए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं।
पीड़ित पिता ने यह भी बताया कि घटना के दिन रात करीब 10 बजे जब वे दुधेला पहुंचे तो बेटी का शव घर के बाहर पड़ा हुआ था। उस समय घर में केवल सास मौजूद थी, जबकि अन्य सभी सदस्य फरार थे। उन्होंने बताया कि घटना से कुछ समय पहले उनकी बेटी ने फोन कर कुछ बताने की कोशिश की थी, लेकिन व्यस्तता के कारण उन्होंने बाद में बात करने को कहा। थोड़ी देर बाद ही पड़ोसियों से बेटी की मौत की सूचना मिली।

परिजनों के अनुसार, मृतका का पति दीपक कुमार मुंबई में मजदूरी करता है और घटना की सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गया है। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि शादी से पहले लड़के और उसके परिवार ने गलत जानकारी देकर विवाह कराया था।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मामले की सूचना पर पुलिस टीम भेजी गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।














