5
(1)



भागलपुर। भागलपुर जिले में पीरपैंती से बाराहाट जाने वाली मुख्य सड़क एनएच-133 पर ओवरब्रिज के समीप शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार साहेबगंज जिले के सकरीगली निवासी उमेश रविदास के पुत्र पूरन रविदास गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक के पीछे बैठी उनकी पत्नी को हल्की चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान पूरन रविदास का जबड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

अन्य घायलों में मो. जहांगीर, मुन्ना मंडल एवं सुदामा मंडल सहित अन्य लोग शामिल हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठे और आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने पूरन रविदास की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मायागंज, भागलपुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

स्थानीय लोगों ने एनएच-133 पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेतक एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: