


नवगछिया : रंगरा चौक के समीप बुधवार को बीच सड़क पर एक ट्रक के खराब हो जाने से एनएच-31 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ट्रक खराब होते ही दोनों तरफ छोटे-बड़े वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक सड़क जाम की समस्या बनी रही। जाम में फंसे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, वहीं कई यात्री पैदल ही अपने गंतव्य की ओर जाते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले यातायात को नियंत्रित किया और फिर खराब ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों ने एनएच-31 पर इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए त्वरित व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में जाम की समस्या से राहत मिल सके।
















