


पूर्णिया : जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला बैडमिंटन संघ, पूर्णिया (तदर्थ समिति) द्वारा ‘डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन चैंपियनशिप’ का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में आयोजन समिति के चेयरमैन आदित्य केजरीवाल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन 1 मई 2026 (शुक्रवार) को सुबह 11:00 बजे महात्मा गांधी इंडोर स्टेडियम, पूर्णिया में होगा।

उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही, युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
आयोजन को सफल बनाने में शहर की कई प्रतिष्ठित संस्थाओं का सहयोग मिल रहा है। प्रमुख प्रायोजकों में जीडी गोयनका स्कूल, पूर्णिया, टाटा मोटर्स, कोसी कार्स, द क्वालिफायर (आईआईटी-जेईई/नीट), दून इंटरनेशनल स्कूल, डॉ. वसीम हॉस्पिटल तथा उषा हीरो शामिल हैं। चेयरमैन आदित्य केजरीवाल ने सभी प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस प्रतियोगिता का आयोजन जिला बैडमिंटन संघ, पूर्णिया द्वारा किया जा रहा है, जो बिहार बैडमिंटन संघ से संबद्ध है। आयोजन के संयोजक अशहर सबा वसीम (सन्नी) हैं, जबकि संरक्षकों में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के साथ डॉ. ए.के. गुप्ता और डॉ. सी.के. सिंह शामिल हैं।
चेयरमैन ने जिले के खेल प्रेमियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस खेल आयोजन को सफल बनाएं।















