


पूर्णिया जिले के रूपौली नगर पंचायत अंतर्गत बिरौली बाजार निवासी कपड़ा व्यवसायी संतोष जायसवाल के 22 वर्षीय पुत्र सौरभ जायसवाल की नवगछिया में हुई निर्मम हत्या के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद पप्पू यादव दिल्ली से सीधे पूर्णिया पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

बिरौली बाजार स्थित सौरभ के घर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। मृतक की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों की स्थिति देख सांसद भी भावुक हो उठे। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा, “एक मां के दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह घटना समाज के लिए गहरा आघात है।”
घटना की गंभीरता को देखते हुए सांसद पप्पू यादव ने मौके से ही भागलपुर सिटी एसपी से फोन पर बातचीत कर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, स्पीडी ट्रायल के तहत सुनवाई कराने तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

परिजनों ने भी प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है। सांसद ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती और परिवार को न्याय नहीं मिलता, तो वे इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएंगे।
उन्होंने कहा, “यह जघन्य अपराध मानवता को शर्मसार करता है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें। दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।”
















