



पटना । राजधानी के नृत्य कला मंदिर में मंगलवार को खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों का उत्सवपूर्ण माहौल देखने को मिला। बिहार ओलंपिक संघ और विभिन्न खेल संघों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभिनंदन समारोह में खेल मंत्री और अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज श्रेयसी सिंह का फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
जैसे ही मंत्री ने मंच पर कदम रखा, पूरे हॉल में तालियों और नारों की गूंज उठी। धनेश्वरी देव नंदन कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, दानापुर के बैंड ने राष्ट्रीय गीत की धुन बजाकर माहौल को राष्ट्रमय बना दिया। खिलाड़ी, कोच और खेल संघों के पदाधिकारी समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार ने पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिह्न देकर खेल मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह, बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल कुमार सिंह, बिहार राइफल संघ के कुमार त्रिपुरारी प्रसाद सिंह, साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव कौशल कुमार सिंह, बिहार तलवारबाजी संघ के चेयरमैन रामाशंकर प्रसाद सहित अन्य खेल संघों के पदाधिकारियों ने भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
समारोह में अपने उद्बोधन में श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य में खेलों का विकास तभी संभव है जब सरकार, खिलाड़ी और खेल संघ एक साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास कर रही है, जिसमें स्टेडियमों का नवीनीकरण, नए इंडोर हॉल, आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र और जिलों में नए खेल परिसर विकसित करना शामिल है।

मंत्री ने खिलाड़ियों को सही ट्रेनिंग, नियमित प्रतियोगिताओं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने खेल संघों से पारदर्शिता, निष्पक्ष चयन और संरचित प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के खिलाड़ी अब राज्य स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं और सरकार उनका हर कदम पर समर्थन करेगी।
इस अवसर पर वॉलीबॉल संघ के सचिव रामाशीष प्रसाद सिंह, तैराकी संघ के सचिव रामविलास पांडेय, फुटबॉल संघ के सचिव इम्तियाज हुसैन, हैंडबॉल संघ के सचिव ब्रज किशोर शर्मा, कुश्ती संघ के सचिव विनय कुमार सिंह, एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष राजशेखर, बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरीशंकर, लॉन बाउल्स संघ के सचिव मुख्तार, ताइक्वांडो संघ के संयुक्त सचिव समता राही, स्क्वैश एसोसिएशन ऑफ बिहार के संयुक्त सचिव आयशा अहमद, डर्न पेंटाथलन संघ के सचिव अनुराग सिंह, वुशू संघ के सचिव सुमन मिश्रा, भारोत्तोलन संघ के उपाध्यक्ष शिप्रा सोनी, योगा संघ के अध्यक्ष अवधेश कुमार, स्की एंड स्नो बोर्ड संघ के सचिव गौतम कुमार, पिकलबॉल संघ के सचिव रंजन कुमार गुप्ता और ड्रैग्न बोट संघ के सचिव दीपक प्रकाश रंजन समेत हजारों खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद थे।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव कौशल किशोर सिंह ने किया, जबकि मंच का संचालन सोनी सिंह ने किया।
राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने इस समारोह की जानकारी साझा की।
















