


पूर्णिया : भारतीय जनता पार्टी, पूर्णिया द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भारतीय जनसंघ के विचारक तथा एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उद्घाटन सत्र में भारत सरकार के केंद्रीय राज्यमंत्री राजभूषण निषाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों, सिद्धांतों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताते हुए कार्यकर्ताओं से इन विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल उद्देश्य सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। इसके लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, विचारधारा एवं जनसंपर्क के विभिन्न आयामों की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे अधिक प्रभावी ढंग से समाज के बीच कार्य कर सकें।
कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, बिहार विधान परिषद में सत्ता पक्ष के उपनेता डॉ. (प्रो.) राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, विधायक विजय खेमका, भाजपा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, निवर्तमान जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, प्रशिक्षण प्रभारी स्वदेश यादव, उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, जिला महामंत्री अरुण राय पुलक एवं संजय पोद्दार, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल रंजन वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिले के विभिन्न मंडलों से आए कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी मोर्चा के जिला अध्यक्षों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं संगठन पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी ने प्रशिक्षण महाअभियान को सफल और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक अभियानों में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।
















