


भीड़ नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई, सुरक्षा घेरा और दंगा नियंत्रण उपकरणों के इस्तेमाल का जवानों ने किया अभ्यास
नवगछिया। आगामी दुर्गापूजा और अन्य पर्व-त्योहारों को देखते हुए नवगछिया पुलिस ने विधि-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को सहायक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस केंद्र, नवगछिया में दंगा नियंत्रण टीम ने मॉक ड्रिल किया।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस जवानों ने भीड़ नियंत्रण और उपद्रव जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक अभ्यास किया। जवानों को भीड़ को नियंत्रित करने, उपद्रव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने और सुरक्षा घेरा तैयार करने का अभ्यास कराया गया।
इस दौरान अश्रु गैस और जल तोप के प्रभावी एवं सुरक्षित इस्तेमाल का भी अभ्यास किया गया। दंगा नियंत्रण उपकरणों के उचित प्रयोग के साथ ही जवानों के बीच बेहतर समन्वय, अनुशासन और त्वरित प्रतिक्रिया पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य पर्व-त्योहारों के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित विधि-व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल की तैयारी और प्रतिक्रिया क्षमता को परखना है।

नवगछिया पुलिस ने पर्व-त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने की बात कही है। पुलिस बल को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।















